- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया ऐतिहासिक कदम
देहरादून। केंद्र सरकार द्वारा लागू नागरिकता संशोधन अधिनियम के तहत उत्तराखंड में 153 लोगों को नागरिकता प्रदान किए जाने को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐतिहासिक और मानवीय निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में लिया गया यह कदम धार्मिक उत्पीड़न का सामना कर चुके लोगों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कानून के तहत पड़ोसी देशों में प्रताड़ना झेल चुके हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन समुदाय के लोगों को भारत में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का अधिकार मिल रहा है।

उन्होंने इसे मानवीय मूल्यों को मजबूत करने वाला निर्णय बताते हुए कहा कि इससे “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना को भी मजबूती मिलती है। धामी ने कहा कि उत्तराखंड में 153 लोगों को नागरिकता प्रदान किया जाना राज्य के लिए गौरव का विषय है और इससे विश्वभर में रह रहे हिंदुओं का राष्ट्र के प्रति जुड़ाव और मजबूत होगा।






