देहरादून। भारतीय जनता पार्टी, उत्तराखंड की त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समिति ने आगामी क्षेत्र पंचायत प्रमुख चुनाव के लिए अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 11 अधिकृत प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। पार्टी की ओर से यह सूची प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर जारी की गई है, जिसमें ओबीसी, महिला, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति सहित विभिन्न आरक्षण श्रेणियों के प्रत्याशियों को स्थान दिया गया है।

दूसरी सूची में उत्तरकाशी से मोरी क्षेत्र पंचायत के लिए रणदेव राणा, चमोली से नंदानगर के लिए हीमा नेगी, टिहरी से देवप्रयाग के लिए विनोद बिष्ट, देहरादून से सहसपुर के लिए महजबीन कौशर, पौड़ी से रिखणीखाल के लिए यशोदा नेगी, पिथौरागढ़ से बेरीनाग के लिए दीपा आर्या और बागेश्वर से गरुड़ के लिए किशन सिंह बोरा को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं अल्मोड़ा से द्वाराहाट के लिए ममता भट्ट और भिकियासैंण के लिए सतीश नैनवाल, चंपावत से लोहाघाट के लिए महेंद्र ढेक, नैनीताल से बेतालघाट के लिए गरिमा, ऊधमसिंह नगर से रुद्रपुर के लिए ममता जल्होत्रा और खटीमा से सरिता राणा को टिकट दिया गया है। भाजपा की यह दूसरी सूची जारी होने के साथ ही पंचायत चुनाव में प्रत्याशियों की तस्वीर लगभग स्पष्ट हो गई है।





