हल्द्वानी। नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में हुए बवाल को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने हल्द्वानी कोतवाली में एसपी सिटी से मुलाकात कर गंभीर आरोपों से जुड़े मामले में अब तक मुकदमा दर्ज न होने पर कड़ा एतराज जताया। भाजपा नेताओं ने कहा कि 14 अगस्त को कांग्रेस विधायकों और नेताओं द्वारा मारपीट, अभद्रता और जिला पंचायत सदस्यों को गायब करने की घटना की शिकायत भाजपा प्रत्याशी दीपा दर्मवाल ने नामजद रूप से दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
भाजपा ने कांग्रेस पर मामले को राजनीतिक रंग देने और सरकार की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया। नेताओं ने दावा किया कि कांग्रेस जिस प्रत्याशी का समर्थन कर रही है, उनके पति लाखन नेगी पर पास्को समेत 12 से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें कई थानों में हिस्ट्रीशीटर के रूप में उनका नाम दर्ज है। भाजपा ने इस मामले में भी तत्काल कार्रवाई की मांग की। इस दौरान भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा, रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, हल्द्वानी मेयर गजराज सिंह बिष्ट, पूर्व मेयर जोगेन्द्र पाल सिंह रौतेला समेत भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।














