हल्द्वानी। भाजपा ने लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस क्रम में नैनीताल-ऊधम सिंह नगर लोकसभा की तैयारियों को लेकर रामपुर रोड स्थित एक होटल में भाजपा मंडल अध्यक्ष/महामंत्री व विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्षों की बैठक हुई। बैठक की शुरुआत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, नैनीताल/उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट और प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट ने की। बैठक में नैनीताल व ऊधम सिंह नगर के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों को लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने और उन्हें आगामी क्रियाकलापों की जिम्मेदारी सौंपी। मीडिया से रूबरू होते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि बैठक में क्षेत्रीय समस्याओं व अन्य सियासी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के अन्तर्गत उत्तराखंड के प्रत्येक घर की आंगन की माटी स्मृति वन में ले जाने के लिए ली जायेगी। इसके लिए राज्य के शहीद, खिलाड़ी, लेखक व अहम लोगों के घर पर विषेष फोकस किया जायेगा।



प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितबंर से लेकर महात्मा गांधी के जन्मदिन 2 अक्टूबर तक पार्टी द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस दौरान 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर हथकरघा उद्योग से जुड़े लोगों को आमंत्रित किया जायेगा। 18 को रक्तदान और 19 से लेकर 24 सितंबर तक आयुष्मान भवः कार्यक्रम का आयोजन के बारे में बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री की पिथौरागढ़ की यात्रा पर बताया कि इस सन्दर्भ में केन्द्रीय नेतृत्व से परामर्ष के बाद कार्यक्रम की तिथि तय की जाएगी। उन्होंने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस मुद्दा विहीन हो चुकी है। वहीं क्षेत्रीय सांसद और रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने कहा कि हम अपने बैठक मेें अवलोकन कर पिछले व आने वाले कार्यक्रमों की समीक्षा करते हैं। उन्होंने भारत व इंडिया नाम पर विवाद करने से बचने की नसीहत दी।






