देहरादून। देश के बेरोजगार युवाओं को बहुराष्ट्रीय कंपनियों में नौकरी का झांसा देकर ठगने वाले साइबर अपराधियों के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उत्तराखंड एसटीएफ ने बड़ी कामयाबी हासिल की है।सहारनपुर-देहरादून रोड पर बाबाजी ट्रांसपोर्ट कंपनी की आड़ में संचालित इस गिरोह ने आईबीएम, एचसीएल, टेक महिंद्रा और अमेज़न जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम पर फर्जी जॉब ऑफर लेटर भेजकर युवाओं से प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर लाखों रुपये ठगे। उत्तराखंड एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में साइबर अपराधियों को खत्म करने के लिए एक अभियान चलाया गया। गृह मंत्रालय के 14C वेब पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों और संदिग्ध मोबाइल नंबरों के विश्लेषण के आधार पर, एसटीएफ ने गिरोह की गतिविधियों पर गहराई से नज़र रखी। कई मोबाइल नंबरों और बैंक खातों के डेटा का अध्ययन करने के बाद पाया गया कि ये खाते दक्षिण भारत के राज्यों जैसे तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र से जुड़े हुए हैं। इस गिरोह के सदस्यों को पकड़ने के लिए एसटीएफ की टीम ने 15 दिनों तक पटेलनगर क्षेत्र में जमीनी स्तर पर जांच की। अंततः सहारनपुर-देहरादून रोड पर स्थित बाबाजी ट्रांसपोर्ट कंपनी के कार्यालय में छापा मारकर गिरोह के दो प्रमुख सदस्यों—ईश्विंदर शेरगिल उर्फ सन्नी और विवेक रावत को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप, 7 प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड, 12 एटीएम कार्ड, 7 मोबाइल फोन, 2 पासबुक, 5 बैंक चेकबुक और 4 वॉकी-टॉकी सेट बरामद किए गए। पूछताछ में पता चला कि गिरोह का मास्टरमाइंड ईश्विंदर शेरगिल पहले भी साइबर ठगी के आरोप में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उसने इस गिरोह को पुनः सक्रिय किया और विवेक रावत को इसमें शामिल किया। गिरोह विशेष रूप से दक्षिण भारत के बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाता था। इन्हें पहले फर्जी कॉल्स के जरिए प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी का झांसा दिया जाता, फिर प्रोसेसिंग शुल्क और मेडिकल परीक्षण के नाम पर 2,500 से 30,000 रुपये तक की रकम वसूली जाती। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने इस मामले पर कहा कि एसटीएफ साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाएगी। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी जॉब पोर्टल पर अपनी निजी जानकारी साझा करते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें।






