हल्द्वानी। जनपद को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लालकुआं पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान 300 नशीले इंजेक्शन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर नशा तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में चल रहे नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों को अवैध नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में कोतवाली लालकुआं पुलिस टीम ने सुभाषनगर बैरियर पर चेकिंग के दौरान मौ. रफी निवासी उजालानगर बनभूलपुरा को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से 150 अविल इंजेक्शन और 150 बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन सहित कुल 300 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। इस मामले में कोतवाली लालकुआं में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ये इंजेक्शन बहेड़ी फाटक बरेली निवासी एक व्यक्ति से खरीदकर लाया था। पुलिस ने इस खुलासे के बाद मामले में धारा 29 एनडीपीएस एक्ट की बढ़ोतरी करते हुए सप्लायर के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज है, जिससे उसके नशा तस्करी से जुड़े होने की पुष्टि होती है।






