हल्द्वानी। पनचक्की रोड पर हुए सड़क हादसे के बाद पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। यातायात व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर महेश चंद्रा को लाइन हाजिर कर दिया है। बताया गया है कि ट्रैफिक प्लान के अनुरूप व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और भारी वाहनों की नो एंट्री व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने में विफल रहने के कारण यह कार्रवाई की गई है। हादसे के बाद एसएसपी ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि यातायात व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसएसपी ने इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच एसपी सिटी हल्द्वानी को सौंप दी है ताकि दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच हो सके और जिम्मेदारी तय की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह व्यवस्थित रखा जाए और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता है और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और यातायात व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।







