हरिद्वार। जनपद में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के स्पष्ट निर्देशों के तहत रुड़की में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई, जिसमें सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए 22 लोगों के चालान काटे गए और 41 हजार रुपये का अर्थदंड वसूला गया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ के नेतृत्व में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने रुड़की तहसील रोड, गंग नहर कोतवाली से स्टेशन रोड तथा मालवीय नगर चौक से रेलवे स्टेशन तक अभियान चलाया।

इस दौरान सड़क किनारे फैले अवैध कब्जों को हटाया गया और राष्ट्रीय राजमार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने सख्त संदेश दिया कि सार्वजनिक मार्गों और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के समय तहसील, नगर निगम और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि जनपद में कहीं भी अवैध कब्जा पनपने न पाए। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।







