देहरादून। परिवहन विभाग ने ई-रिक्शा और ई-ऑटो में अवैध रूप से सीट बढ़ाने की शिकायतों पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एक एजेंसी का शोरूम सील कर दिया गया और डीलर व निर्माता के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। देहरादून संभाग में ई-रिक्शा और ई-ऑटो एजेंसियों में हो रही अनियमितताओं के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन संदीप सैनी के निर्देश पर शुक्रवार को विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।

निरीक्षण के दौरान एआरटीओ प्रशासन चक्रपाणि मिश्रा, टीटीओ अनुराधा पंथ और आरआई अरविंद यादव की टीम ने विभिन्न ई-रिक्शा और ई-ऑटो एजेंसियों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि कुछ मैन्युफैक्चरर द्वारा नियमों के विपरीत वाहनों में सीटों की संख्या बढ़ाई जा रही थी, जो मोटर वाहन नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। इस अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने संबंधित एजेंसी को तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए। कार्रवाई के तहत महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज के शोरूम को नियमों के उल्लंघन के कारण सील कर दिया गया। साथ ही संबंधित डीलर और मैन्युफैक्चरर के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।







