हल्द्वानी। नैनीताल जिला पंचायत की निवर्तमान अध्यक्ष बेला तोलिया को प्रशासक नियुक्त किए जाने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। रविवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में उन्होंने इस जिम्मेदारी को निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का संकल्प लिया। बेला तोलिया ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने जिले में विकास को प्राथमिकता दी और प्रशासक के रूप में भी उनका उद्देश्य नैनीताल जिले को विकास के नए आयाम तक पहुंचाना रहेगा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इस भूमिका में वे जिले की विकास योजनाओं को गति देने का हरसंभव प्रयास करेंगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदेश के सभी निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्षों को प्रशासक के रूप में नियुक्त किया गया है, जिससे जिलों में विकास कार्यों को निरंतरता मिलेगी। बेला तोलिया ने इस निर्णय को प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया और मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। प्रदेशभर में प्रशासक नियुक्त किए गए नेता अब अपने-अपने जिलों में विकास कार्यों को गति देने में जुट गए हैं। इस नियुक्ति से स्थानीय प्रशासनिक कार्यों में मजबूती आने की उम्मीद है।