- रक्षा पेंशन पैकेज के तहत मिलता है करीब 35 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर
- मुकेश भट्ट को एक माह में वापस मिलेंगे 5.50 लाख रुपये
हल्द्वानी। आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने सोमवार को कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर भूमि विवाद, दुर्घटना बीमा क्लेम और संपत्ति पर कब्जे सहित विभिन्न मामलों की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने अधिकांश समस्याओं का मौके पर समाधान कराया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनसुनवाई में पूर्व सैनिकों के दुर्घटना बीमा क्लेम का मामला प्रमुखता से उठा, जिस पर आयुक्त ने रक्षा पेंशन पैकेज के लाभों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। हल्द्वानी निवासी अनिता ने पिछली जनसुनवाई में बताया था कि उनके पूर्व सैनिक पति की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उनकी पेंशन बैंक ऑफ बड़ौदा में आती थी, लेकिन परिवार को दुर्घटना बीमा की धनराशि नहीं मिली। इस मामले में आयुक्त ने सोमवार को जिला सैनिक कल्याण अधिकारी और बैंक अधिकारियों को तलब कर जानकारी ली। बैंक अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना बीमा क्लेम का लाभ लेने के लिए खाता रक्षा पेंशन पैकेज के अंतर्गत मैप होना और उसमें नियमित रूप से पेंशन जमा होना जरूरी है। सामान्य बचत खाते पर यह सुविधा उपलब्ध नहीं है।

बैंक के अनुसार, पात्र पूर्व सैनिक की दुर्घटना में मृत्यु होने पर करीब 35 लाख रुपये का बीमा कवर दिया जाता है। आयुक्त ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि इस सुविधा की जानकारी अधिक से अधिक पूर्व सैनिकों तक पहुंचाई जाए, ताकि वे अपने खातों को रक्षा पेंशन पैकेज के तहत अपडेट करा सकें। वहीं, हल्द्वानी निवासी मुकेश भट्ट ने शिकायत की कि उन्होंने दो वर्ष पहले भूमि खरीदने के लिए माया देवी को 5.50 लाख रुपये दिए थे, लेकिन न तो उन्हें जमीन मिली और न ही रकम वापस की गई। आयुक्त ने दोनों पक्षों को बुलाकर आपसी समझौता कराया और माया देवी को एक माह के भीतर पूरी धनराशि लौटाने के निर्देश दिए। निर्धारित समय में रकम वापस नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। इसी तरह जसपुर निवासी अनिता शर्मा ने 60 बीघा भूमि को लेकर पारिवारिक विवाद की शिकायत की। उन्होंने बताया कि भूमि पर न्यायालय से स्टे होने के बावजूद दूसरा पक्ष फसल बोने, तारबाड़ करने और टीन शेड बनाने का काम कर रहा है। इस पर आयुक्त ने संबंधित पक्ष को न्यायालय का फैसला आने तक विवादित भूमि पर किसी भी प्रकार का कार्य नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्टे के बावजूद भूमि पर काम करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

