नैनीताल। त्योहारों से पहले मिलावटखोरी पर लगाम लगाने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिलाधिकारी के निर्देश पर 21 फरवरी को संयुक्त टीमों ने नयागांव में दूध लेकर आने वाले एक दर्जन से अधिक वाहनों की जांच की, वहीं कालाढूंगी मुख्य बाजार और चकलुआ क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक दूध वाहन से दो नमूने और एक खाद्य प्रतिष्ठान से राष्ट्रीय दाल सर्विलांस अभियान के तहत दो दालों के नमूने लेकर कुल चार खाद्य नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि विश्लेषण प्रयोगशाला भेजे गए। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान स्वामियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही विक्रय करें, बिना बिल के खरीद न करें और स्टॉक का पूरा विवरण रखें। साथ ही कालातीत खाद्य सामग्री का भंडारण और बिक्री न करने तथा दुकानों की नियमित साफ-सफाई और दवा छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा गया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी होली और रमजान को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है और किसी भी स्थिति में मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया है कि वे अनिवार्य रूप से सही श्रेणी में लाइसेंस बनवाकर अपने प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करें।लाइसेंस प्रस्तुत न करने पर FSS Act 2006 की धारा 31(1) या 31(2) के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें 10 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। आयुक्त के निर्देश पर जनपद में गठित संयुक्त टीमें प्रतिदिन कार्रवाई कर रही हैं और इसकी रिपोर्ट नियमित रूप से आयुक्त कार्यालय को भेजी जा रही है। त्योहारों के मद्देनजर चल रहा यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।






