हल्द्वानी। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के आह्वान पर आज रात बनभूलपुरा क्षेत्र में वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ जबरदस्त विरोध देखने को मिला। बोर्ड द्वारा निर्धारित समयानुसार रात 9:00 बजे से 9:15 बजे तक लोगों ने 15 मिनट का “बत्ती गुल” प्रदर्शन कर सरकार के इस फैसले के खिलाफ अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में अंधकार छा गया, जैसे मानो समूचा बनभूलपुरा एक स्वर में अपना असंतोष जाहिर कर रहा हो।
घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की बत्तियाँ एक साथ बंद कर दी गईं, जिससे पूरा इलाका एक गहरी खामोशी और विरोध के संदेश से गूंज उठा।
यह विरोध न केवल शांतिपूर्ण था बल्कि अनुशासित भी, जिसमें स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर हिस्सा लिया। प्रदर्शन का उद्देश्य वक्फ संपत्तियों को लेकर लाए गए संशोधन बिल के खिलाफ समुदाय की चिंता और असहमति को जाहिर करना था। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में पुलिस की हल्की मौजूदगी भी रही, लेकिन कहीं कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। स्थानीय समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने इसे जनभावनाओं का प्रतीक बताते हुए सरकार से बिल पर पुनर्विचार की मांग की। इस एकजुट और प्रतीकात्मक विरोध ने सरकार को यह स्पष्ट संदेश दिया है कि वक्फ संपत्तियों से जुड़े मुद्दों को हल्के में नहीं लिया जा सकता।






