हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर बनभूलपुरा क्षेत्र में लगातार हो रही बैटरी चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह ट्रक बैटरियां और चोरी में प्रयुक्त कार भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार आजाद नगर निवासी जुहैब आलम की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया था, जिसमें इंद्रानगर गेट के पास खड़े डंपर से बैटरी चोरी होने की शिकायत की गई थी। जांच के दौरान आसपास खड़े अन्य वाहनों से भी बैटरियां चोरी होने की बात सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने टीम गठित कर व्यापक जांच शुरू की और सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में गठित टीम ने गौला बाईपास रोड से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गौला नदी के पास खड़े ट्रकों से कई बार बैटरियां चोरी कर चुके हैं और चोरी का माल कबाड़ी को बेच देते थे, जबकि कुछ बैटरियां आसपास छिपाकर रखते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पहले चोरी की गई बैटरियां तोड़कर आगे बेच दी गई थीं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार तीन आरोपियों का पूर्व में भी चोरी से संबंधित मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है, जबकि कबाड़ी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले की आगे की जांच जारी है।






