नैनीताल। घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए गैस एजेंसियों से सीधे सिलेंडर वितरण पर रोक लगा दी है। अब उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर केवल डोर-टू-डोर वितरण प्रणाली के माध्यम से ही उपलब्ध कराया जाएगा। जिला प्रशासन का कहना है कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच यह कदम आमजन को राहत देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जारी आदेश में कहा गया है कि ऑनलाइन बुकिंग, डीएसपी और ओटीपी प्रक्रिया के दौरान अत्यधिक फोन कॉल आने के कारण तकनीकी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं, जिसके चलते बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। इससे एजेंसियों में भीड़ बढ़ने के साथ ही कानून एवं शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी बन रही है और समय पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति में दिक्कतें सामने आ रही हैं।

इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने जनपद की सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण सीधे एजेंसी परिसर से न किया जाए, बल्कि उपभोक्ताओं के घर तक डोर-टू-डोर प्रणाली के माध्यम से ही सिलेंडर पहुंचाया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम तरीके से गैस उपलब्ध हो सके।प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग फोन, एसएमएस या मोबाइल ऐप के माध्यम से नहीं हो पा रही है, वे केवल बुकिंग कराने के लिए गैस एजेंसी में आ सकते हैं। एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को नियमानुसार घर-घर सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों में भीड़ न लगाएं और डोर-टू-डोर वितरण व्यवस्था का लाभ उठाएं, ताकि गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। प्रशासन के अनुसार यह आदेश जिला मजिस्ट्रेट की स्वीकृति से जारी किया गया है और तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।






