- एसटीएफ की मैनुअल पुलिसिंग ने दिखाया असर, हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र से दबोचा गया शातिर अपराधी
देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ को बाबा तरसेम सिंह हत्याकांड में बड़ी सफलता हाथ लगी है। विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए स्पेशल टास्क फोर्स की टीम ने इस सनसनीखेज हत्याकांड के प्रमुख षड्यंत्रकारियों में से एक 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश बाबा अनूप सिंह को हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। यह हत्याकांड 28 मार्च 2024 को नानकमत्ता के डेरा कार सेवा श्री नानकमत्ता के प्रमुख जत्थेदार बाबा तरसेम सिंह की गोली मारकर हत्या से जुड़ा है। एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि हत्या के बाद से ही बाबा अनूप सिंह फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी को लेकर उत्तराखंड पुलिस कई राज्यों में छापेमारी कर रही थी। आरोपी पर ऊधमसिंह नगर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। अनूप सिंह को थाना नानकमत्ता में दर्ज मु.अ.सं. 83/24, धारा 120बी, 302, 34, 307 आईपीसी और 3/25 शस्त्र अधिनियम के तहत वांछित घोषित किया गया था।
एसटीएफ की टीम ने मैनुअल खुफिया तंत्र के जरिए उसकी लोकेशन को ट्रेस किया और योजनाबद्ध तरीके से उसे गिरफ्तार कर लिया। बाबा अनूप सिंह मूलरूप से नवाबगंज थाना बिलासपुर जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में ग्राम रतनपुरा, पोस्ट प्रेमनगर, थाना गदरपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर में रह रहा था। यह गिरफ्तारी उत्तराखंड पुलिस द्वारा इस हत्याकांड में की गई 10वीं गिरफ्तारी है, जो पुलिस की सघन निगरानी और रणनीतिक कार्रवाई का प्रमाण है। इस कार्रवाई में निरीक्षक अबुल कलाम के नेतृत्व में एसटीएफ की टीम के अन्य अधिकारी व जवान शामिल थे, जिनकी मुस्तैदी से एक और फरार अपराधी सलाखों के पीछे पहुंचा। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर इनामी और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।






