हल्द्वानी। 22 वर्षों से फरार और 10,000 रुपये के इनामी बदमाश नौशाद को नैनीताल पुलिस ने हापुड़ में एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के खिलाफ दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड और राजस्थान में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर जिले के फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हल्द्वानी के पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र और क्षेत्राधिकारी नितिन लोहनी के पर्यवेक्षण में एक टीम गठित की गई थी। उपनिरीक्षक रजत कसाना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हापुड़ जिले के सिंभावली थाना पुलिस के साथ मिलकर नौशाद की लोकेशन का पता लगाया। गिरफ्तारी के प्रयास में नौशाद ने पुलिस टीम पर गोलीबारी कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए नौशाद को घायल अवस्था में नवादा नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, नौशाद पिछले 22 वर्षों से फरार था और उसके खिलाफ हल्द्वानी में 2002 में दर्ज मामले सहित कई राज्यों में अपराधों के आरोप हैं। नौशाद पर हल्द्वानी में एफआईआर नंबर 1941/2002 के तहत धारा 398 और 401 भादंवि में मामला दर्ज था। गिरफ्तारी के दौरान नौशाद के पास से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल (होंडा साइन) बरामद हुई। बता दें कि, नौशाद के खिलाफ हल्द्वानी, पिलखुवा (हापुड़), गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़), गीडवाना (राजस्थान) और सिंभावली (हापुड़) में हत्या, डकैती, अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर आरोपों के तहत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रजत सिंह कसाना, कांस्टेबल अनिल गिरी और सोनू सिंह शामिल रहे।






