- दून पुलिस ने गुत्थी सुलझाई, एक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
देहरादून। राजधानी दून के बसंत विहार क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका की हत्या उसके ही सगे भाई ने नशे को लेकर हुए विवाद में की और बाद में अपने किरायेदार साथी के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगाया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।
22 सितंबर की सुबह पितांबरपुर मजार के पास जंगल में एक सफेद कट्टे के भीतर युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव की पहचान विशाखा पुत्री बुधराम निवासी स्मिथनगर, प्रेमनगर के रूप में हुई। मृतका के हाथ-पैर बंधे हुए थे और उसके शरीर पर चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने खुलासे के लिए थाना बसंत विहार और एसओजी की टीमों का गठन किया।
जांच के दौरान मृतका के भाई विशाल पर शक की सुई घूमी। परिजनों ने भी पुलिस को उसके खिलाफ संदेह जताया। घर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में विशाल अपने किरायेदार लोकेन्द्र उर्फ राजा के साथ एक सफेद कट्टा मोटरसाइकिल पर ले जाते हुए कैद हुआ। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर राजा को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। राजा ने बताया कि घटना की रात विशाल ने नशे की हालत में अपनी बहन विशाखा से विवाद किया और हाथ-पैर बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद विशाल ने राजा को बुलाया और शव ठिकाने लगाने की योजना बनाई। दोनों ने मिलकर शव को कट्टे में भरा और मोटरसाइकिल से जंगल ले जाकर गड्ढे में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस ने राजा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी विशाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।







