हल्द्वानी। नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंगलवार को शहर में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। नगर आयुक्त ऋचा सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में बाजार क्षेत्र और क्रियाशाला रोड पर अभियान चलाते हुए फुटपाथों पर अवैध कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान तीन ट्रॉली सामान जब्त किया गया, वहीं अतिक्रमणकारियों पर ₹5000 का चालान भी ठोका गया।
प्रशासनिक टीम की अचानक दबिश से बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया। फुटपाथ पर फैले सामान और अस्थायी दुकानों को हटाकर नगर निगम ने स्पष्ट संदेश दिया कि सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जा कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि पैदल चलने वालों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।














