हरिद्वार। जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर तहसील हरिद्वार प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की। उपजिलाधिकारी अजयवीर सिंह के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की टीम ने बीते दो दिनों में लगभग पांच बीघा सरकारी और ग्राम समाज की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। ग्राम नगला खुर्द में चारागाह भूमि पर अवैध कब्जे की सूचना पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए ढाई बीघा भूमि को मुक्त कराया। इसी तरह ग्राम पदार्था उर्फ धनपुरा में सार्वजनिक रास्ते पर हुए अवरोध को हटाया गया। वहीं, ग्राम बिशनपुर झरड़ा मुस्तहकम में राजकीय भूमि पर बनाए गए स्क्रीनिंग प्लांट और दीवार को गिराकर ढाई बीघा भूमि को कब्जा मुक्त किया गया।

इस कार्रवाई में तहसीलदार प्रियंका रानी, थानाध्यक्ष पथरी रविन्द्र कुमार, नायब तहसीलदार वेदपाल सैनी और चौकी इंचार्ज फेरूपुर सुधांशु कौशिक की टीम ने उपजिलाधिकारी अजयवीर सिंह के नेतृत्व में मिलकर अवैध अतिक्रमणकारियों पर कड़ी कार्रवाई की।उपजिलाधिकारी ने बताया कि यह अभियान जिलाधिकारी के निर्देश पर लगातार जारी रहेगा। प्रशासन की इस सख्ती से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि राजकीय और ग्राम समाज की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






