हल्द्वानी। शहर के उंचापुल क्षेत्र में लगातार लगने वाले जाम और अतिक्रमण की समस्या को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया। सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और सिंचाई नहर पर कब्जा कर बनाई गई दो बड़े भवनों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि नहर की भूमि पर अवैध रूप से दो मंजिला इमारतें खड़ी कर दी गई थीं, जिनमें दर्जनों दुकानें संचालित की जा रही थीं। इन अवैध निर्माणों के कारण उंचापुल क्षेत्र में अक्सर यातायात बाधित रहता था और जाम की स्थिति बनी रहती थी।

प्रशासन ने पहले ही इन निर्माणों को चिन्हित कर नोटिस जारी किया था, जिसके बाद अब जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान प्रशासन की टीम ने भवनों को तोड़ते हुए नहर की भूमि को कब्जा मुक्त कराने की प्रक्रिया शुरू की। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति न बने। सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क चौड़ीकरण और शहर के सुचारू यातायात के लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि जिन लोगों ने अवैध निर्माण किए हैं वे स्वयं उन्हें हटा लें, अन्यथा प्रशासन द्वारा बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी।












