- हल्द्वानी में संयुक्त प्रवर्तन अभियान से मचा हड़कंप, सड़कें हुईं साफ, फड़ ठेले हटाए गए
हल्द्वानी। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर शहर में अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए प्रशासन, नगर निगम और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को सघन प्रवर्तन एवं सत्यापन अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान शहर में अवैध रूप से संचालित तीन-पहिया वाहनों और सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई, जिससे स्थानीय व्यापारियों और वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। टीम ने अभियान के दौरान 80 से अधिक ऑटो रिक्शाओं की जांच की, जिनमें मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर 45 चालान काटे गए और 6 ऑटो रिक्शा जब्त कर लिए गए। वहीं, सड़क किनारे बिना नगर निगम पंजीकरण के लगाए गए 15 फड़ ठेले हटाए गए और उनकी सामग्री जब्त कर ली गई। नगर निगम अधिनियम के तहत 17 चालान भी जारी किए गए।

अभियान के तहत टीम ने विभिन्न बाजार क्षेत्रों में पैदल गश्त करते हुए दुकानों के सामने किए गए अवैध अतिक्रमण को चिन्हित कर तत्काल हटवाया। साथ ही, बाहरी व्यक्तियों की पहचान कर उनके दस्तावेजों का सत्यापन भी किया गया। जिन दुकानों पर अतिक्रमण पाया गया, वहां पर चेतावनी के साथ सख्त कार्रवाई की गई। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि अब सभी फड़ ठेला व्यवसायियों और बाहरी व्यक्तियों के दस्तावेजों की गहन जांच की जाएगी और इसके लिए सघन सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। इस प्रवर्तन कार्रवाई में एसडीएम राहुल शाह, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, आरटीओ गुरुदेव सिंह समेत नगर निगम और परिवहन विभाग की टीम मौजूद रही।






