हल्द्वानी। खाड़ी देशों में जारी सैन्य संघर्ष के बीच नैनीताल जनपद के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने ऐसे सभी लोगों के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, जिनके परिजन कुवैत, सऊदी अरब, बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात में फंसे हुए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन नंबरों पर सूचना उपलब्ध कराकर नागरिक अपने परिजनों की सुरक्षित भारत वापसी के लिए आवश्यक समन्वय स्थापित कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए विदेश मंत्रालय और संबंधित दूतावासों के माध्यम से प्रभावित भारतीयों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। यदि जनपद का कोई भी व्यक्ति खाड़ी देशों में फंसा हुआ है तो उसके संबंध में जानकारी संबंधित हेल्पलाइन नंबर और ईमेल के माध्यम से दी जा सकती है, ताकि शासन-प्रशासन स्तर पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने बताया कि कुवैत में फंसे नागरिकों के लिए मोबाइल नंबर 96565-501946 और ईमेल community.kuwait@mea.gov.in जारी किया गया है। इसी प्रकार सऊदी अरब के लिए मोबाइल नंबर 00-966-11-4884697 और ईमेल cw.riyadh@mea.gov.in उपलब्ध है। बहरीन में फंसे लोगों के लिए मोबाइल नंबर 97339-418071 और 97338-400433 के साथ-साथ ‘Embassy of India, Bahrain’ यूट्यूब चैनल के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है। वहीं संयुक्त अरब अमीरात के लिए मोबाइल नंबर 971-2-4492700 तथा वेबसाइट www.indembassyuae.gov.in के जरिए सूचना दी जा सकती है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में केवल आधिकारिक और सत्यापित सूचनाओं पर ही भरोसा करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें। उन्होंने कहा कि प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।











