हल्द्वानी। घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, जमाखोरी और व्यवसायिक उपयोग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घरेलू गैस सिलेंडरों के कमर्शियल डायवर्जन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी परगना अधिकारियों, पुलिस क्षेत्राधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि वे घरेलू गैस के व्यवसायिक इस्तेमाल और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखें।


इसके लिए तहसीलदार, थानाध्यक्ष और पूर्ति निरीक्षकों की संयुक्त क्विक रिस्पांस टीम गठित करने के निर्देश दिए गए हैं, जो किसी भी शिकायत की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई करेगी। प्रशासन ने स्थानीय सूचना तंत्र को भी सक्रिय करने पर जोर दिया है, ताकि गैस सिलेंडरों की जमाखोरी, अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपने समकक्ष विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, जिससे इस अवैध गतिविधि पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। डीएम ने दो टूक कहा कि यदि किसी भी स्तर पर घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण या व्यावसायिक उपयोग पाया गया तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन की इस सख्ती से गैस की कालाबाजारी में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।






