हल्द्वानी। शहर में गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए औचक निरीक्षण अभियान चलाया। एसडीएम प्रमोद कुमार के नेतृत्व में तहसीलदार कुलदीप पाण्डे और उनकी टीम ने ज्वाला गैस एजेंसी और केएमवीएन की सरस मार्केट स्थित एजेंसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ज्वाला गैस एजेंसी में 84 गैस बुक पाई गईं, जिससे अनियमितताओं की आशंका जताई जा रही है। इस पर प्रशासन ने संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उनसे पूरे मामले में स्पष्ट जवाब देने को कहा गया है।

तहसीलदार कुलदीप पाण्डे ने बताया कि गैस वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने उपभोक्ताओं से भी अपील की कि वे गैस का अनावश्यक भंडारण न करें, ताकि कृत्रिम किल्लत की स्थिति न बने। प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि कालाबाजारी या नियमों के उल्लंघन की किसी भी शिकायत पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।





