हल्द्वानी। हल्द्वानी में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सुरागरसी के आधार पर आरोपी को पकड़ते हुए उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो भी बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार एसएसपी के निर्देशन में महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कार्रवाई की गई। मामले में पीड़िता की पड़ोसी महिला द्वारा कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया गया कि 5 मार्च को एक युवक ने मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के घर में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ की।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी करन आर्या को जेल रोड स्थित शीशम बाग कॉलोनी के पास से गिरफ्तार कर लिया।आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो (UK 04TA-7131) भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









