हल्द्वानी। शहरवासियों को आधार कार्ड से जुड़ी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम कार्यालय में आधार सेवा केंद्र की शुरुआत कर दी गई है। बुधवार को महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने नगर निगम कार्यालय में फीता काटकर इस केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस सुविधा के शुरू होने से अब नागरिकों को आधार से संबंधित कार्यों के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा। इस मौके पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि शहर के लोगों को अधिक से अधिक सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर सरल और त्वरित तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।

नगर निगम कार्यालय में आधार सेवा केंद्र शुरू होने से नागरिकों को नया आधार कार्ड बनवाने, आधार में नाम, पता और मोबाइल नंबर सहित अन्य जरूरी संशोधन कराने की सुविधा एक ही जगह पर मिल सकेगी। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से नई आधार पंजीकरण और आधार अपडेट से जुड़ी सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इससे विशेष रूप से बुजुर्गों और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। महापौर ने नगरवासियों से इस नई सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम आगे भी नागरिकों की सुविधा के लिए इस प्रकार की सेवाओं का विस्तार करता रहेगा।







