हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र के लाइन नम्बर 18 में स्थित एक मकान के ऊपरी हिस्से में सोमवार शाम लगभग 6:20 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। घटना के समय मकान मालिक शरीफ की मां निचले हिस्से में मौजूद थीं, जिन्हें स्थानीय लोगों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।आग की लपटें फैलने से पहले ही मोहल्लेवासियों ने तत्परता दिखाते हुए प्रयास कर आग पर काबू पा लिया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। मकान मालिक शरीफ पेशे से रिक्शा चालक हैं।
बताया जा रहा है कि हाल ही में शरीफ के पुत्र शादाब की पत्नी ने एक बच्चे को जन्म दिया था, जिसके चलते परिवार के कई सदस्य संभवतः अस्पताल में थे। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय रहते आग पर नियंत्रण न पाया जाता तो भारी नुकसान हो सकता था। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग को भी सूचना दी गई थी, लेकिन स्थानीय प्रयासों से स्थिति नियंत्रित कर ली गई।






