- नैनीताल दुग्ध संघ के 77वें वार्षिक अधिवेशन में 295.52 करोड़ रुपये का बजट पारित
- उत्कृष्ट पशुपालकों और कर्मचारियों को 6.50 लाख रुपये से अधिक के पुरस्कार
हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लालकुआं ने अपने 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में पशुपालकों को बड़ी सौगात देते हुए फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने की घोषणा की। शनिवार को पीलीकोठी स्थित बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन में 295 करोड़ 52 लाख रुपये का बजट भी पारित किया गया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों, समिति सचिवों और दुग्ध विक्रेताओं को कुल 6 लाख 50 हजार 850 रुपये की पुरस्कार राशि चेक के माध्यम से वितरित की गई। अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। अधिवेशन में संघ से जुड़ी 710 दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों और करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों की भागीदारी रही। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध संघ का लक्ष्य पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और दुग्ध व्यवसाय को आगे बढ़ाना है। दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि फरवरी से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि लागू की जाएगी।

अधिवेशन में मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों के महिला एवं पुरुष दुग्ध उत्पादकों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा आठ विकासखंडों के उत्कृष्ट उत्पादकों, बिंदुखत्ता क्षेत्र के पशुपालकों, दस सचिवों और 15 दुग्ध विक्रेताओं को भी पुरस्कार दिए गए। संस्था के बेहतर कार्य करने वाले अनुभागाध्यक्षों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दुग्ध संघ की कार्यप्रणाली और अध्यक्ष मुकेश बोरा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सहकारी संस्थाओं की मजबूती ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में जल्द आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में विधायक बंशीधर भगत, राज्यमंत्री रेनू अधिकारी और मोहन पाठक, पूर्व विधायक नवीन दुम्का, प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी सहित कई जनप्रतिनिधि और दुग्ध विकास विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया।


