नैनीताल जिले में 14 स्थानों पर एक साथ आपदा की मॉक ड्रिल, भूकंप से लेकर गैस रिसाव और भगदड़ तक के हालात का अभ्यास

  • पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग सहित कई एजेंसियां राहत-बचाव अभियान में जुटीं
  • ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग से हो रही निगरानी,  डीएम ने अफवाहों से बचने की अपील की

हल्द्वानी। भूकंप, अग्निकांड, सुरंग में हादसे, रासायनिक पदार्थों का रिसाव और भगदड़ जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए नैनीताल जनपद में शनिवार को 14 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल शुरू की गई। इस व्यापक अभ्यास के तहत विभिन्न संभावित आपदाओं का कृत्रिम घटनाक्रम तैयार कर राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य आपदा के समय विभिन्न विभागों की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता और आपसी समन्वय की क्षमता को परखना है। मॉक ड्रिल के तहत नैनीताल के बीडी पांडे जिला चिकित्सालय में भूकंप के झटकों से उत्पन्न स्थिति, रामनगर के रामदत्त जोशी जिला चिकित्सालय में शॉर्ट सर्किट से आग लगने और हल्द्वानी के वॉक-वे मॉल में भूकंप के बाद अफरा-तफरी एवं अग्निकांड का परिदृश्य तैयार किया गया है। वहीं जमरानी बांध स्थल पर सुरंग में चट्टान टूटने और जलभराव, लालकुआं की पेपर मिल में रासायनिक पदार्थों के रिसाव तथा कैंचीधाम मंदिर परिसर में भगदड़ जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया जा रहा है।

नैनीताल जिले में 14 स्थानों पर एक साथ आपदा की मॉक ड्रिल, भूकंप से लेकर गैस रिसाव और भगदड़ तक के हालात का अभ्यास

इसके अलावा कालाढूंगी, कसियालेख, गरगड़ी, खैरना, नथुवाखान, भवाली, रामनगर और हल्द्वानी के विभिन्न राजकीय एवं निजी इंटर कॉलेजों में भूकंप के बाद उत्पन्न अफरा-तफरी की स्थिति का अभ्यास कराया जा रहा है। इन सभी स्थानों पर संबंधित उपजिलाधिकारियों और तहसील स्तरीय इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) टीमों के नेतृत्व में राहत एवं बचाव अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इस अभ्यास में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, राजस्व, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, परिवहन और नगर निकायों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं। मॉक ड्रिल के दौरान प्रभावित स्थानों पर खोज एवं बचाव अभियान चलाने, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने और अस्पताल पहुंचाने के साथ ही आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता तथा विभागों के बीच त्वरित समन्वय की क्षमता का परीक्षण किया जा रहा है।

Advertisement
Advertisement

नैनीताल जिले में 14 स्थानों पर एक साथ आपदा की मॉक ड्रिल, भूकंप से लेकर गैस रिसाव और भगदड़ तक के हालात का अभ्यास

मॉक ड्रिल की निगरानी के लिए राहत एवं बचाव गतिविधियों की मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग भी की जा रही है। इसके जरिए संबंधित अधिकारी अलग-अलग स्थानों पर चल रहे अभ्यास का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि कमियों की पहचान कर जिले की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने आम जनता से अपील की है कि मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी प्रकार से घबराएं नहीं और न ही किसी अफवाह पर ध्यान दें। उन्होंने लोगों से अफवाहों को फैलने से रोकने तथा शांति बनाए रखने की अपील की है।

Read more

Local News