- राजपुरा में महिला रैन बसेरे की व्यवस्थाएं परखीं, 16 बेड संचालित
- जरूरतमंद महिलाओं से रैन बसेरे में ठहरने की अपील
हल्द्वानी। शहर में रैन बसेरों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को नगर आयुक्त अशिमा गोयल ने निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ राजपुरा के निकट धोबी घाट स्थित महिला रैन बसेरे का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने क्रियाशाला रोड पर सड़क तक फैले अतिक्रमण को हटवाने की कार्रवाई भी की। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने बताया कि राजपुरा में महिलाओं के लिए बनाए गए रैन बसेरे में वर्तमान में 16 बेड संचालित हैं और वहां की व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं। उन्होंने जरूरतमंद महिलाओं से अपील की कि यदि किसी महिला को रात में ठहरने के लिए जगह की आवश्यकता हो तो वह रैन बसेरे में आकर सुरक्षित रूप से रुक सकती है।

इसके बाद नगर आयुक्त ने क्रियाशाला रोड पर अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि यहां कई फल और सब्जी विक्रेताओं ने सड़क के काफी हिस्से पर कब्जा कर रखा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। नगर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी अतिक्रमण रोकने के लिए प्रभावी योजना तैयार की जा रही है। नगर आयुक्त ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद अगले ही दिन दोबारा कब्जा हो जाना बड़ी चुनौती है। ऐसे में नगर निगम का प्रयास केवल अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दीर्घकालिक व्यवस्था बनाकर इसे दोबारा होने से रोकने पर भी ध्यान दिया जाएगा।


