- संविधान दिवस पर राजभवन कूच की तैयारी,
- सुमित हृदयेश बोले- जनता की आवाज संवैधानिक संस्थाओं तक पहुंचाएगी कांग्रेस
हल्द्वानी। प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरण और सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने हस्ताक्षर अभियान तेज कर दिया है। रविवार को जेल रोड चौराहा, हीरानगर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बमोरी और महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी की ओर से संयुक्त अभियान चलाया गया। इसमें हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश सहित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर कर मुहिम को समर्थन दिया। विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर पर एकत्र किए गए हस्ताक्षरों वाले बैनर राज्यपाल को सौंपे जाएंगे।

इसके लिए कांग्रेस राजभवन कूच कर जनता की आवाज संवैधानिक संस्थाओं तक पहुंचाएगी। उन्होंने भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा और सरकार की जवाबदेही से जुड़े मुद्दे उठाते हुए कहा कि गंभीर आरोपों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट और ब्लॉक अध्यक्ष हेम पांडे ने कहा कि यह अभियान जनता को भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट करने की पहल है। कांग्रेस कार्यकर्ता गांवों, वार्डों और मोहल्लों तक पहुंचकर लोगों को इससे जोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। अभियान में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

