- नवनियुक्त अधीक्षण अभियंता ने संभाला कार्यभार
- स्मार्ट मीटर के प्रति उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ाने और बिजली चोरी पर अभियान चलाने की कही बात
हल्द्वानी। विद्युत विभाग के नवनियुक्त अधीक्षण अभियंता देवेंद्र सिंह बिष्ट ने कार्यभार संभालने के बाद नैनीताल जिले की बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने को अपनी प्राथमिकता बताया है। उन्होंने कहा कि जिन डिवीजनों में निर्धारित मानकों से अधिक लाइन लॉस है, वहां विशेष प्रयास कर नुकसान कम किया जाएगा। साथ ही बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और विभाग के राजस्व में सुधार के लिए अभियान चलाया जाएगा। देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि उन्होंने 16 नवंबर 2026 को अधीक्षण अभियंता का कार्यभार ग्रहण किया है। इससे पहले वह हल्द्वानी नगर और ग्रामीण क्षेत्र में अधिशासी अभियंता के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। ऐसे में वह जिले की भौगोलिक परिस्थितियों और बिजली व्यवस्था से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता की बिजली उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने स्मार्ट मीटर को उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विभाग का प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक स्मार्ट मीटर स्थापित किए जाएं और लोगों को इनके फायदे के बारे में जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी और कर्मचारी टीम के साथ काम करेंगे, ताकि बिजली व्यवस्था में चरणबद्ध तरीके से सुधार किया जा सके। अधीक्षण अभियंता ने कहा कि मार्च माह तक राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य पूरे करना भी विभाग के सामने महत्वपूर्ण चुनौती है। इसके लिए बकायेदार उपभोक्ताओं से वसूली और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बिजली चोरी वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी डिवीजनों को राजस्व वसूली में तेजी लाने और बिजली चोरी रोकने के निर्देश दिए जाएंगे। उनका लक्ष्य पूरे सिस्टम को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाना है।

