रुद्रपुर जिला अस्पताल हत्याकांड: 12 घंटे में मुख्य आरोपी विकास कुमार मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, अब तक तीन आरोपी दबोचे

  • जगतपुरा में दो टेलीकॉम संचालकों के बीच विवाद के बाद जिला अस्पताल परिसर में हुई थी मारपीट
  • सीने पर नुकीली वस्तु से हमले में नितेश उर्फ राज जौहरी की हुई थी मौत
  • एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

रुद्रपुर। जगतपुरा हत्याकांड में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी विकास कुमार को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस अब तक कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। एसएसपी अजय गणपति के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए तत्काल टीमें गठित कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 की सुबह जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप स्थित प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जिला अस्पताल रुद्रपुर परिसर में दोबारा मारपीट हुई। इसी दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के संबंध में वादी दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

रुद्रपुर जिला अस्पताल हत्याकांड: 12 घंटे में मुख्य आरोपी विकास कुमार मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, अब तक तीन आरोपी दबोचे

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस टीमों ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आरएफएसएल और फील्ड यूनिट से वैज्ञानिक निरीक्षण कराया तथा मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए गए। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। इसके बाद मुख्य आरोपी विकास कुमार को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार, आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार और विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय रामावतार, तीनों निवासी जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर के रूप में हुई है।

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलभट्टा, दिनेशपुर और एसओजी रुद्रपुर की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि संकलित साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Read more

Local News