- कटघरिया के एक होटल में वारदात का आरोप
- परिजनों की शिकायत पर मुखानी थाने में दर्ज हुआ मुकदमा
- एसपी सिटी बोले- महिला दरोगा को सौंपी गई विवेचना, होटल संचालक पर भी होगी कार्रवाई
हल्द्वानी। हल्द्वानी में नाबालिग से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर मुखानी कोतवाली पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि कटघरिया क्षेत्र स्थित एक होटल में देर रात नाबालिग के साथ दुष्कर्म की वारदात हुई। मामले में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। बताया जा रहा है कि नामजद आरोपियों में एक युवक ABVP से जुड़ा छात्रसंघ अध्यक्ष पद का प्रत्याशी भी है।

एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह ने बताया कि मुखानी कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म का अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को नामजद किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक को सौंपी गई है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिटी ने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिस होटल में कथित वारदात हुई, उसके संचालक के खिलाफ भी जांच की जाएगी। यदि बिना पहचान सत्यापन के किसी को कमरा उपलब्ध कराने की बात सामने आती है तो होटल संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। नाबालिग से जुड़े मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

