- वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ घोषित
- बेहतर दुग्ध उपार्जन और कार्यप्रणाली के दम पर हासिल की उपलब्धि
लालकुआं। दुग्ध उत्पादन और सहकारिता के क्षेत्र में लालकुआं दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने प्रदेशभर में अपनी सफलता का परचम लहराया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए लालकुआं दुग्ध संघ को उत्तराखंड का सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के लिए प्रदेश के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किया। इस सम्मान से लालकुआं के साथ ही नैनीताल जनपद के दुग्ध उत्पादकों और सहकारिता क्षेत्र में खुशी की लहर है। उत्तराखंड सहकारी डेरी फैडरेशन लिमिटेड की ओर से जारी प्रमाण-पत्र के अनुसार, 20 हजार लीटर से अधिक दैनिक प्रसंस्करण क्षमता वाले मैदानी क्षेत्र के दुग्ध संघों की श्रेणी में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान दुग्ध उपार्जन संबंधी गतिविधियों के प्रदर्शन के आधार पर लालकुआं दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड का सर्वश्रेष्ठ संघ के रूप में चयन किया गया है।

ऊधम सिंह नगर के शक्तिफार्म में आयोजित पशुपालन चिंतन गोष्ठी एवं मेले में मंत्री सौरभ बहुगुणा ने संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार सौंपा। इस दौरान उन्होंने संघ की उपलब्धि की सराहना की। प्रमाण-पत्र उत्तराखंड सहकारी डेरी फैडरेशन के प्रबंध निदेशक जयदीप अरोड़ा, सामान्य प्रबंधक आरएम तिवारी और उप महाप्रबंधक पीएस नागपाल के हस्ताक्षरों से जारी किया गया है। इस उपलब्धि को संघ की बेहतर कार्यप्रणाली, प्रबंधन क्षमता और दुग्ध उत्पादकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालकों की मेहनत, दुग्ध समितियों की सक्रियता और सहकारी व्यवस्था के सहयोग से लालकुआं दुग्ध संघ ने प्रदेश में यह मुकाम हासिल किया है।
