- सुरक्षा के लिए पूरा क्षेत्र 4 सुपर जोन, 7 जोन और 14 सेक्टरों में बांटा गया
- पुलिस-पीएसी की व्यापक तैनाती
रामनगर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अपर कोसी क्षेत्र स्थित पूछड़ी में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रस्तावित ध्वस्तीकरण अभियान के मद्देनजर वन विभाग और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रथम चरण में 51 मकानों को ध्वस्त किया जा चुका है, जबकि दूसरे चरण में करीब 82 मकानों पर कार्रवाई प्रस्तावित है। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ पुनीत तोमर ने बताया कि संबंधित क्षेत्र अपर कोसी रामनगर रेंज की अपर कोसी बीट में आता है। दूसरे चरण में 92 मकानों को लेकर नोटिस, अपील और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गई हैं। इनमें से करीब 8 से 9 मकानों को न्यायालय से स्थगन आदेश मिला है, जबकि शेष लगभग 82 मकानों को ध्वस्त करने की तैयारी है। फिलहाल करीब चार हेक्टेयर क्षेत्र में कार्रवाई प्रस्तावित है। तीसरे चरण में शेष मकानों को भी चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि अभियान के लिए नैनीताल के अलावा चंपावत, ऊधमसिंह नगर और कुमाऊं के अन्य जिलों से भी पुलिस बल एवं अधिकारियों को बुलाया गया है। स्थानीय पुलिस के साथ पीएसी की भी तैनाती की गई है। पूरे प्रभावित क्षेत्र को चार सुपर जोन, सात जोन और 14 सेक्टरों में बांटकर अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। अभियान की ब्रीफिंग में पुलिस, मजिस्ट्रेट और वन विभाग के अधिकारी शामिल रहेंगे। संभावित अव्यवस्था को रोकने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई और गिरफ्तारी से संबंधित व्यवस्थाएं भी की गई हैं। प्रशासन का कहना है कि पूरी कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए ध्वस्तीकरण अभियान को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाएगा।
मेरी खबर में आंकड़ों का विरोधाभास सुधारेंमेरी खबर की भाषा और प्रवाह निखारेंमेरी खबर का शीर्षक अधिक संतुलित बनाएं
