- बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा था ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर
- मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा शोक, दुर्घटना की जांच के निर्देश
चमोली/देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को हुए हेलीकॉप्टर हादसे में पायलट समेत सभी छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का सिविल हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरने के बाद ज्योतिर्मठ तहसील के चाई गांव के ऊपर दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:12 बजे बद्रीनाथ से उड़ान भरी थी और लगभग 2 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सेना की 9 स्वतंत्र माउंटेन ब्रिगेड की टीम दोपहर 3:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर मौजूद टीम ने हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मृत्यु की पुष्टि की।

मृतकों में पायलट हिमांशु सभरवाल के अलावा अरुण सालुंके, एचएस नटराज, प्राथपा बचिहल्ली निंगराजन, सुधीर के और शंकरगौड़ा वीबी शामिल हैं। सभी यात्री कर्नाटक के निवासी बताए गए हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन और संबंधित बचाव एजेंसियों ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में घटनास्थल पर आगे की प्रक्रिया और अन्य जरूरी कार्रवाई के लिए टीमें जुटी रहीं। इधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दुर्घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच करने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
