- पारंपरिक वेशभूषा, खानपान और लोकरीति-रिवाजों ने मोहा मन
- 1 नवंबर तक चलेगा तीन दिवसीय आयोजन
हल्द्वानी। शहर में 17वें जोहार महोत्सव का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस महोत्सव में जोहार शौका समाज की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, खानपान और रीति-रिवाजों की मनमोहक झलक देखने को मिल रही है। शुभारंभ के अवसर पर निकाली गई आकर्षक झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा और समाज की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव के पहले दिन झांकियों के माध्यम से जोहार शौका समाज की परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान का प्रदर्शन किया गया।

आयोजन में कुमाऊं और गढ़वाल के कलाकारों के साथ नेपाल के प्रसिद्ध गायक सुरेश शाही भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा समाज की महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी महोत्सव के प्रमुख आकर्षण रहेंगे। महोत्सव का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और लोकपरंपराओं को संरक्षित करना है। आयोजकों का मानना है कि ऐसे आयोजन समाज की पहचान और विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
