- एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टीम ने आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास पकड़ा आरोपी
- पूछताछ में कसोल से चरस लाकर बेचने की बात सामने आई
देहरादून। उत्तराखंड में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास एक युवक को 1 किलो 108 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी हिमाचल प्रदेश के कसोल क्षेत्र से चरस लाकर देहरादून में बेचने की बात कह रहा है। मामले में थाना क्लेमेंटटाउन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसटीएफ के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास चेकिंग की जा रही थी।

इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई तो उसके काले रंग के बैग से चरस बरामद हुई। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच में मादक पदार्थ की पुष्टि होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान युसुफ (22), निवासी ग्रीन व्यू, दून गली, मालसी, देहरादून के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार का निवासी बताया गया है। एसटीएफ और थाना क्लेमेंटटाउन पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मामले में बरामद चरस के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। एसटीएफ ने युवाओं, अभिभावकों और शिक्षकों से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने युवाओं से नशे से दूर रहने और किसी भी लालच में नशा तस्करी जैसे अपराध में शामिल नहीं होने का आह्वान किया। साथ ही, नशा तस्करी की जानकारी मिलने पर निकटतम पुलिस थाने या एसटीएफ/एएनटीएफ को सूचना देने की अपील की है।
