हल्द्वानी में डेंगू के तीन नए मामले, प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में चलेगा विशेष अभियान

  • छड़ायल, आजाद नगर बनभूलपुरा और काठगोदाम में मरीज मिलने के बाद फॉगिंग व छिड़काव तेज करने के निर्देश
  • नगर निगम की घर-घर जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी

हल्द्वानी। बरसात के बाद धूप और उमस के बीच हल्द्वानी में डेंगू के मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। ताजा जांच रिपोर्ट में तीन लोगों के डेंगू संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन ने नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी, फॉगिंग, छिड़काव और साफ-सफाई अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने नागरिकों से घरों और आसपास साफ पानी जमा न होने देने की अपील की है, ताकि डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा को पनपने से रोका जा सके। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि डेंगू की स्थिति पर जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। हाल ही में प्राप्त जांच रिपोर्ट में तीन लोगों के संक्रमित होने की जानकारी मिली है। इनमें एक मरीज छड़ायल, दूसरा आजाद नगर-बनभूलपुरा और तीसरा काठगोदाम क्षेत्र का बताया गया है। इन मामलों को देखते हुए संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने बताया कि नगर निगम को प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं।  वहीं, स्वास्थ्य विभाग को भी माइक्रो लेवल पर जरूरी कार्रवाई करने और स्थिति पर निगरानी रखने को कहा गया है। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि बारिश के बाद दिन में तेज धूप निकलने से कई स्थानों पर पानी जमा रह सकता है, जिससे मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनती हैं। ऐसे में अगले कुछ सप्ताह लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

हल्द्वानी में डेंगू के तीन नए मामले, प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में चलेगा विशेष अभियान

नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि डेंगू के तीन मरीज सामने आने के बाद नगर निगम पहले से चल रही फॉगिंग और छिड़काव की कार्रवाई को और तेज करेगा। जिन क्षेत्रों में मरीज चिह्नित हुए हैं, उन्हें विशेष संवेदनशील क्षेत्र मानते हुए वहां अतिरिक्त फॉगिंग, साफ-सफाई और छिड़काव अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि डेंगू के लार्वा को नष्ट करने के लिए उन स्थानों पर भी कार्रवाई की जा रही है, जहां साफ पानी जमा होने की आशंका है। नगर आयुक्त ने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए घर-घर पहुंचने वाले नगर निगम के कर्मचारियों के माध्यम से संदेश प्रसारित करने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत ऑडियो संदेश तैयार किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को डेंगू से बचाव और आसपास स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया जा सके। प्रशासन और नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि घरों, छतों, गमलों, कूलरों और अन्य बर्तनों में साफ पानी जमा न होने दें। बारिश के कारण जमा पानी को हटाएं और आसपास नियमित सफाई रखें। कूड़ा निर्धारित कूड़ा वाहनों को ही दें, ताकि गंदगी और जलभराव की स्थिति न बने। अधिकारियों का कहना है कि डेंगू की रोकथाम में सरकारी विभागों के प्रयासों के साथ जनभागीदारी भी जरूरी है। समय रहते पानी जमा होने वाले स्थानों को साफ करने और मच्छरों के लार्वा को पनपने से रोकने से संक्रमण के खतरे को कम करने में मदद मिल सकती है।

Read more

Local News