- नवरात्रि के तुरंत बाद बाजार में उतारे जाएंगे रसगुल्ले
- गुलाब जामुन और दो तरह के लड्डू, शुद्ध देसी घी से मिठाइयां तैयार करने का दावा
हल्द्वानी। त्योहारी सीजन में मिठाइयों की बढ़ती मांग को देखते हुए आंचल ब्रांड इस वर्ष भी बाजार में अपनी मिठाइयां उतारने की तैयारी कर रहा है। उत्तराखंड सहकारी डेयरी फेडरेशन (यूसीडीएफ) के एमडी जयदीप अरोड़ा के अनुसार, नवरात्रि के तुरंत बाद आंचल की मिठाइयां बाजार में उपलब्ध कराई जाएंगी। इस बार रसगुल्ला, गुलाब जामुन और दो तरह के लड्डुओं के साथ बाल मिठाई भी उपभोक्ताओं को मिलेगी, जिसे पिछले वर्ष उपलब्ध नहीं कराया जा सका था। जयदीप अरोड़ा ने बताया कि आंचल की मिठाइयों को लेकर उपभोक्ताओं की रुचि लगातार बढ़ रही है। करीब दो वर्ष पहले मिठाइयों की शुरुआत के बाद से मांग में बदलाव देखने को मिला है। अब ग्राहक स्वयं मिठाइयों के बाजार में आने का इंतजार करते हैं और इनके उपलब्ध होने के बारे में पूछताछ भी करते हैं। इसी को देखते हुए इस बार भी त्योहारी सीजन से पहले तैयारियां की जा रही हैं।

आंचल और अन्य ब्रांडों की मिठाइयों की कीमतों में अंतर को लेकर अरोड़ा ने कहा कि बाजार में कई ब्रांड पाम ऑयल का इस्तेमाल करते हैं, जबकि आंचल की मिठाइयां शुद्ध देसी घी से तैयार की जाती हैं। उनके मुताबिक, इसी वजह से कीमतों में अंतर रहता है और प्रतिस्पर्धा की चुनौती भी सामने आती है। इसके बावजूद फेडरेशन का प्रयास है कि उपभोक्ताओं को गुणवत्ता वाली मिठाइयां उपलब्ध कराने के साथ उन्हें शुद्ध देसी घी से बनी मिठाइयों के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए।उन्होंने कहा कि इस बार बाल मिठाई को भी बाजार में लाने की तैयारी है। फेडरेशन का लक्ष्य है कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता वाली मिठाइयां मिल सकें। आंचल को उम्मीद है कि इस बार भी त्योहारी मांग के बीच उसके उत्पादों को उपभोक्ताओं का अच्छा प्रतिसाद मिलेगा।
