- छोटे भाई के विवाद की सूचना पर नशे में अस्पताल पहुंचा था आरोपी
- सीसीटीवी की मदद से पुलिस ने दबोचा
देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में चापड़ लेकर घुसने और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ व सुरक्षाकर्मियों को डराने-धमकाने के मामले में दून पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने छोटे भाई के अस्पताल में हुए विवाद की जानकारी मिलने पर चापड़ लेकर वहां पहुंचा था। घटना के दौरान अस्पताल में भय का माहौल बनने के साथ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को अस्पताल की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. शोभा की शिकायत पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान की और 11 अक्टूबर को रौनक मल्होत्रा (29) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल चापड़ भी बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 भी बढ़ाई गई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन उसके छोटे भाई का दून अस्पताल में कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इसकी जानकारी मिलने पर वह शराब के नशे में चापड़ लेकर अस्पताल पहुंच गया और वहां मौजूद डॉक्टरों व अन्य लोगों को डराने-धमकाने लगा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पूर्व में लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी में कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी की टीम शामिल रही। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
