- डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान रास्ता रोककर स्कूटी घेरने और मोबाइल छीनने की कोशिश का आरोप
- पुलिस ने थाने बुलाकर कराया नोटिस तामील
सितारगंज। ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र में डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान उद्यान विभाग की महिला कर्मचारियों के साथ कथित अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। आरोप है कि युवकों ने महिला कर्मचारियों का रास्ता रोककर उनकी स्कूटी को घेर लिया और चाबी निकालने व मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने चारों आरोपियों की पहचान कर उन्हें थाने बुलाया और वैधानिक प्रक्रिया पूरी की। पुलिस के अनुसार, घटना 6 अक्टूबर 2026 को सितारगंज ब्लॉक के ग्राम धोहरा में हुई। यहां उद्यान विभाग की महिला कर्मचारी डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) के तहत शासकीय कार्य कर रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिलों पर पहुंचे चार युवकों पर महिला कर्मचारियों के साथ अभद्र एवं आपत्तिजनक व्यवहार करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप है।

शिकायत के मुताबिक, महिला कर्मचारियों ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनका रास्ता रोककर स्कूटी को घेर लिया। इस दौरान स्कूटी की चाबी निकालने और मोबाइल फोन छीनने का प्रयास भी किया गया। महिला कर्मचारियों ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इससे मौके पर भय और असुरक्षा का माहौल बन गया। पीड़ित महिला कर्मचारी की तहरीर के आधार पर थाना सितारगंज में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जानकारी मिलने पर एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस को आरोपियों की जल्द पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने जांच करते हुए घटना में शामिल बताए गए चारों युवकों की पहचान की और उन्हें थाने बुलाया। पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपियों को धारा 35(3) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत नोटिस तामील कराया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए परिजनों की मौजूदगी में महिला कर्मचारियों से लिखित और मौखिक रूप से माफी मांगी। पुलिस ने चारों आरोपियों को भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति नहीं करने की सख्त हिदायत दी। इसके साथ ही मामले में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई।
