- कूड़ा और सिंगल यूज प्लास्टिक के निस्तारण से लेकर रसायनों के स्टॉक व कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति तक होगी जांच, 15 दिन में रिपोर्ट तलब
रामनगर/हल्द्वानी। रामनगर नगर पालिका परिषद के कूड़ा और सिंगल यूज प्लास्टिक निस्तारण की व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जांच समिति गठित की है। कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत के निर्देशों के क्रम में गठित समिति नगर पालिका के विभिन्न कार्यों का अभिलेखीय और स्थलीय परीक्षण करेगी। समिति को सभी साक्ष्यों और अभिलेखों के साथ 15 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी के अनुसार नगर पालिका रामनगर की ओर से बताया गया है कि कूड़े और सिंगल यूज प्लास्टिक के निस्तारण के लिए झील विकास प्राधिकरण के हल्द्वानी स्थित प्लास्टिक प्लांट का उपयोग किया जा रहा है। वहीं, उक्त प्लांट के वर्तमान में क्रियाशील नहीं होने की सूचना सामने आई है। ऐसे में वास्तविक स्थिति के साथ इसके पर्यावरणीय और जनस्वास्थ्य संबंधी प्रभावों की जांच आवश्यक मानी गई है।
जांच के लिए उप जिलाधिकारी रामनगर की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है, जबकि उप कोषाधिकारी रामनगर को समिति का सदस्य बनाया गया है। समिति को नगर पालिका की कूड़ा निस्तारण व्यवस्था की वास्तविक स्थिति की जांच करने के साथ संबंधित रिकॉर्ड का भी परीक्षण करना होगा। जांच के दायरे में ब्लीचिंग पाउडर, डीबीटी और अन्य आवश्यक रसायनों के चालू वित्तीय वर्ष के स्टॉक, खरीद तथा स्टॉक रजिस्टर में दर्ज प्रविष्टियों की भी जांच की जाएगी। समिति अभिलेखों का मिलान करते हुए मौके की स्थिति का भी सत्यापन करेगी। नगर पालिका के कार्मिकों और पर्यावरण मित्रों की शासन द्वारा निर्धारित एसओपी के अनुरूप बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज होने की स्थिति भी जांची जाएगी। समिति को सभी बिंदुओं पर तथ्यात्मक और स्पष्ट जांच रिपोर्ट तैयार कर संबंधित साक्ष्यों व अभिलेखों के साथ 15 दिन के भीतर जिलाधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
