नैनीताल में मौसम का रेड अलर्ट, 26 सितंबर को अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी

  • डीएम ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के दिए निर्देश
  • नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील

हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को जिले के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा की संभावना के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 27 सितंबर को गर्जन के साथ आकाशीय बिजली, झोंकेदार हवाओं और अति तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए लोगों से नदियों, नालों और गधेरों के आसपास नहीं जाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बहुत आवश्यक होने पर ही मौसम की जानकारी लेकर यात्रा करें। प्रशासन ने विशेष रूप से बलियानाला, आलूखेत और किशनपुर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

नैनीताल में मौसम का रेड अलर्ट, 26 सितंबर को अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी

डीएम ने पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश की अवधि में ट्रेकर्स को ट्रेकिंग की अनुमति न दी जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं का खतरा कम किया जा सके। असामान्य मौसम और भारी वर्षा की चेतावनी के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन पर भी रोक रखने के निर्देश दिए गए हैं। भारी बारिश के कारण सड़कें बाधित होने की आशंका को देखते हुए NH, PWD, PMGSY और ADB समेत संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी मोटर मार्ग के बाधित होने की स्थिति में उसे तत्काल खुलवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। भूस्खलन संभावित मार्गों पर पहले से ही मशीनरी और आवश्यक उपकरण उपलब्ध रखने को कहा गया है, ताकि सड़कें लंबे समय तक बंद न रहें। आपदा प्रबंधन-IRS प्रणाली के तहत नामित जनपद और तहसील स्तर के सभी नोडल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी अपने-अपने तैनाती क्षेत्रों में मौजूद रहेंगे। सभी चौकी और थानों को आपदा संबंधी उपकरणों और वायरलेस सेट के साथ अलर्ट रहने को कहा गया है। इस दौरान किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का मोबाइल फोन स्विच ऑफ नहीं रहेगा। 

नैनीताल में मौसम का रेड अलर्ट, 26 सितंबर को अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी

डीएम ने आपदा या दुर्घटना की स्थिति में तत्काल स्थलीय कार्रवाई करने और तहसील आपदा कंट्रोल रूम तथा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के बीच सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। किसी स्थान पर लोगों के फंसने की स्थिति में उनके लिए खाद्य सामग्री और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था रखने को कहा गया है। भारी बारिश से जलभराव की स्थिति को रोकने के लिए नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में नालियों तथा कलवर्टों के अवरोध तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। जिला प्रशासन ने किसी भी आपदा या दुर्घटना की सूचना तत्काल संबंधित नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181, टोल फ्री 1077 और 8272080884 पर सूचना दी जा सकती है। राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष के 0135-2710335, 0135-2710334 तथा टोल फ्री 1070 नंबर पर भी आपदा संबंधी सूचना उपलब्ध कराई जा सकती है।

Read more

Local News