- राजपुर पुलिस और ANTF की संयुक्त कार्रवाई
- पुलिस के अनुसार आरोपी तकनीकी कोर्स के छात्र और दिल्ली के ‘सिद्धू गैंग’ के कथित पैडलर
देहरादून। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजपुर थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी देहरादून में हाईप्रोफाइल ड्रग्स MDMA की कथित तस्करी और बिक्री में शामिल थे। आरोपियों के कब्जे से कुल 44.61 ग्राम MDMA बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर की रात चेकिंग अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। शहंशाई रिजॉर्ट, ओल्ड मसूरी रोड के पास एक कार में सवार चार युवकों को 27.12 ग्राम MDMA के साथ पकड़ा गया। वहीं सहस्रधारा हेलीपैड के पास दो अन्य युवकों को 17.49 ग्राम MDMA के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वेदांत चौहान, रचित शर्मा, श्रीकांत ममगांई, चिराग रस्तोगी, अभिषेक थापा और वैभव ममगांई के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से 44.61 ग्राम MDMA के अलावा एक इग्निस कार और 12 पॉलीथिन पैकेट भी बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना राजपुर में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने दावा किया कि वे देहरादून और अन्य राज्यों के विभिन्न संस्थानों से तकनीकी शिक्षा के कोर्स कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दिल्ली निवासी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू से संपर्क और उसके कथित नेटवर्क के लिए काम करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत अन्य स्थानों से MDMA लाकर देहरादून में इसकी सप्लाई करते थे। पुलिस का दावा है कि आरोपी विशेष रूप से कॉलेज छात्रों को ऊंचे दामों पर MDMA बेचते थे। पूछताछ में आरोपियों ने अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए कथित रूप से नशे के कारोबार में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस अब कथित सप्लाई नेटवर्क, दिल्ली कनेक्शन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। कार्रवाई एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना राजपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार नशे की तस्करी और बिक्री से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



