- मेडिकल कॉलेज और राज्य कैंसर संस्थान में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू
- शैक्षणिक और चिकित्सा व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद
हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी और राज्य कैंसर संस्थान में रिक्त संकाय पदों को भरने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मंगलवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में विभिन्न विभागों में असिस्टेंट प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर के पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए गए, जिसमें अलग-अलग शहरों से पहुंचे कुल 10 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार रिक्त संकाय पदों पर नियुक्ति के लिए हाल ही में समाचार पत्रों के माध्यम से विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। इसी क्रम में मंगलवार को चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए गए। मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के विभिन्न पदों के लिए पांच अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें अस्थि रोग, बाल रोग और स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग से एक-एक तथा जनरल सर्जरी विभाग से दो अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया।
एसोसिएट प्रोफेसर के पदों के लिए दो अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें एक अभ्यर्थी बाल रोग विभाग और एक न्यूरो सर्जरी विभाग के पद के लिए साक्षात्कार में शामिल हुआ। वहीं राज्य कैंसर संस्थान हल्द्वानी में विभिन्न संकाय पदों के लिए तीन अभ्यर्थियों के साक्षात्कार हुए, जिनमें दो ने असिस्टेंट प्रोफेसर और एक ने एसोसिएट प्रोफेसर पद के लिए प्रतिभाग किया। साक्षात्कार प्रक्रिया के दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के प्राचार्य प्रो. डॉ. अजय आर्या समेत विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। प्राचार्य ने बताया कि विभिन्न विभागों में रिक्त संकाय पदों को भरने के लिए 10 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में प्रतिभाग किया है। नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेडिकल कॉलेज में संकाय सदस्यों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी। प्रो. डॉ. अजय आर्या ने कहा कि संकाय सदस्यों की उपलब्धता बढ़ने से मेडिकल कॉलेज की शैक्षणिक और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इसका लाभ चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के साथ-साथ अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को भी मिलेगा।



