- एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी के अध्यक्ष पद प्रत्याशी ने पत्रकार वार्ता में आरोपों को बताया गलत, कहा—छात्र हित रहेंगे प्राथमिकता
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी के बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के अधिकृत अध्यक्ष पद प्रत्याशी धीरज बिष्ट ने कथित आईटीआई गैंग से जुड़े होने के सवालों पर अपना पक्ष रखा। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुई पत्रकार वार्ता में धीरज बिष्ट ने स्पष्ट किया कि उनका किसी भी गैंग से कोई संबंध नहीं है। धीरज बिष्ट ने कहा कि वह वॉलीबॉल के नेशनल खिलाड़ी रहे हैं और एबीवीपी ने उन्हें छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है।
उनके मुताबिक चुनावी माहौल के बीच कुछ लोगों की ओर से उनका नाम कथित गैंग से जोड़ा जा रहा है, जिसे उन्होंने गलत बताया। उन्होंने कहा कि उनका किसी भी आपराधिक गैंग से कोई संबंध नहीं है और चुनाव को लेकर उनके खिलाफ इस तरह की बातें बेवजह प्रचारित की जा रही हैं। धीरज बिष्ट ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव में उनका मुख्य फोकस छात्रों से जुड़े मुद्दों पर रहेगा और वह छात्र हितों की आवाज उठाने के लिए काम करेंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने और कॉलेज में छात्र हितों से संबंधित विषयों को प्रमुखता से उठाने की बात कही।




