- टिकोला रजवाहे में मिले अज्ञात शव का खुलासा
- मंगलौर पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
- वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
हरिद्वार। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टिकोला रजवाहे में मिले अज्ञात शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मृतक कपिल की हत्या उसके ही दोस्तों रितिक पंवार और दीपक पंवार ने की थी। शराब पीने के दौरान पैसों के लेनदेन और वीडियो बनाए जाने को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों ने कपिल की हत्या कर शव रजवाहे में फेंक दिया और मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। मामला 23 अगस्त का है, जब ग्राम टिकोला के रजवाहे में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मंगलौर पुलिस को मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल से भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। बाद में मृतक की पहचान ग्राम टिकोला निवासी कपिल पुत्र मेघपाल के रूप में हुई। मृतक के भाई अमित कुमार की तहरीर पर पुलिस ने रितिक और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर मंगलौर पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास सुराग जुटाने के साथ स्थानीय स्तर पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
जांच के दौरान दोनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने 27 अगस्त को रितिक पंवार और दीपक पंवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कपिल और दोनों आरोपी आपस में दोस्त थे तथा उनके बीच पैसों का लेनदेन भी था। पुलिस के अनुसार कपिल पर रितिक और दीपक के करीब 15 हजार रुपये उधार थे और उसने 700 रुपये के कपड़े भी खरीदे थे। घटना वाले दिन दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर योजना के तहत कपिल को टिकोला पुलिया के पास बुलाया, जहां तीनों ने शराब पी। इसी दौरान कपिल ने अपना मोबाइल निकालकर रितिक और दीपक की वीडियो बनाने की बात कही, जिससे दोनों नाराज हो गए। पुलिस के मुताबिक इसी विवाद के बाद दोनों आरोपियों ने कपिल पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को रजवाहे में डाल दिया गया और दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक पंवार पुत्र धीर सिंह निवासी ग्राम जटौली तैय्यबपुर बड़ा, थाना देवबंद, सहारनपुर और दीपक पंवार पुत्र सुरेश निवासी उपरोक्त के रूप में की है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।










